Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। 21 मई 2026 — NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में छात्र राजनीति गरमा गई है। National Students' Union of India (एनएसयूआई) ने गुरुवार को केंद्र सरकार, शिक्षा मंत्रालय और परीक्षा एजेंसी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने पेपर लीक मामले को छात्रों के भविष्य के साथ बड़ा धोखा बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई और NTA को तत्काल भंग करने की मांग उठाई।
ज्ञापन एनएसयूआई बिलासपुर जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “NEET जैसे गंभीर मुद्दे पर जब सरकार और उसकी एजेंसियां छात्रों का भविष्य सुरक्षित नहीं रख पा रही हैं, तो सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”
रंजीत सिंह ने आरोप लगाया कि NEET-UG 2026 में हुआ कथित पेपर लीक केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि लाखों छात्रों के सपनों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों की मेहनत और उम्मीदों के साथ परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन बार-बार सामने आने वाले पेपर लीक मामलों ने युवाओं के भरोसे को तोड़ दिया है।
एनएसयूआई ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों को भाषण नहीं, बल्कि सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था चाहिए। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं को मानसिक दबाव में धकेल दिया है।
ज्ञापन में National Testing Agency (NTA) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए और संस्था को तत्काल प्रभाव से भंग करने की मांग की गई। एनएसयूआई नेताओं का कहना है कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन देशव्यापी आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगा।
इस दौरान एनएसयूआई प्रदेश महासचिव विकास सिंह ठाकुर, प्रदेश सचिव लोकेश नायक, बेलतरा विधानसभा अध्यक्ष विक्की यादव, जिला उपाध्यक्ष सुमित शुक्ला, जिला महासचिव शुभम जायसवाल, जिलाध्यक्ष बिलासपुर रंजीत सिंह, प्रवीण साहू, विपिन साहू, राकेश तिवारी, शिवांश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद







.jpeg)

