Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मीडिया प्रमाणीकरण एवं निगरानी समिति (एमसीएमसी) का गठन किया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल के निर्देशन में गठित इस समिति में बिलासपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा को सदस्य बनाया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा गठित इस महत्वपूर्ण समिति में जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक एमडी पटेल को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रकाशित और प्रसारित होने वाले राजनीतिक विज्ञापनों, पेड न्यूज तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित प्रचार सामग्री की गहन निगरानी करेगी।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, एमसीएमसी समिति का मुख्य उद्देश्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मीडिया में प्रसारित सामग्री का परीक्षण करना और बिना अनुमति जारी राजनीतिक विज्ञापनों पर नजर बनाए रखना है। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध या नियम विरुद्ध सामग्री सामने आती है, तो समिति उसकी जांच कर संबंधित अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
समिति की निगरानी केवल प्रिंट मीडिया तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। प्रशासन का मानना है कि चुनावी माहौल में भ्रामक खबरों, पेड न्यूज और अनधिकृत प्रचार सामग्री पर समय रहते नियंत्रण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है।
इस पहल को चुनावी पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे मतदाताओं तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने के साथ-साथ नियम विरुद्ध प्रचार पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

