Social Activity BSP
शादीशुदा महिला से छेड़खानी करना पड़ा भारी: घर में घुसकर परेशान करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़ (Social Activity BSP)। 21 मई 2026 — रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने छेड़खानी और महिला उत्पीड़न के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से शादीशुदा महिला को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर परेशान कर रहा था और घर में घुसकर छेड़खानी की वारदात को अंजाम दिया था। महिला थाना पुलिस की तत्परता से आरोपी को उसके घर से दबोच लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 20 मई 2026 को महिला थाना रायगढ़ पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2020 में सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह से पहले उसकी पहचान ग्राम महलोई थाना तमनार निवासी लम्बोदर भोय से थी, लेकिन शादी के बाद उसने आरोपी से संपर्क पूरी तरह समाप्त कर उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, करीब डेढ़ वर्ष बाद आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से महिला को लगातार कॉल कर परेशान करने लगा। कई बार मना करने और संपर्क खत्म करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
पीड़िता ने बताया कि 18 मई 2026 की शाम जब घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था, तभी आरोपी घर पहुंच गया और गलत नियत से छेड़खानी करने लगा। महिला द्वारा शोर मचाने पर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ धारा 331(4) और 74 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी लम्बोदर भोय को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस मामले में कार्रवाई रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस पूरे मामले पर शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि “महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। छेड़खानी, उत्पीड़न या महिला संबंधी अपराध को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

