Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। 21 मई 2026 — रायगढ़ जिले की पुसौर पुलिस ने अवैध स्क्रैप कारोबार, फर्जी ई-वे बिल और जीएसटी चोरी से जुड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के स्क्रैप को ट्रकों में भरकर छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंचाते थे और कार्रवाई से बचने के लिए फर्जी ई-वे बिल तैयार कर पुलिस एवं न्यायालय को गुमराह करने का प्रयास करते थे। मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।
जानकारी के मुताबिक, 13 मार्च 2026 को थाना पुसौर में दर्ज इस्तगासा क्रमांक 04/26 एवं 05/26 की जांच के दौरान ट्रक चालक कुबेर यादव और सरोज भोई से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से स्क्रैप लोड कर रायगढ़ के पूंजीपथरा क्षेत्र ले जा रहे थे। इस दौरान पुलिस को प्रस्तुत टैक्स इनवॉइस और ई-वे बिल में गंभीर विसंगतियां मिलीं। दस्तावेजों में माल डिस्पैच के स्थान अलग-अलग पाए गए, जिससे चोरी के स्क्रैप को वैध दिखाने की साजिश का संदेह गहराया।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान रायगढ़ पुलिस टीम ओडिशा के भेडन थाना क्षेत्र स्थित मसौदी इंटरप्राइजेस पहुंची, जहां फर्म संचालक गुलाम हैदर और उसके भाई गुलाम मोहम्मद से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे अलग-अलग कबाड़ व्यापारियों से स्क्रैप खरीदकर ओडिशा, रायगढ़ और रायपुर के कारोबारियों को भेजते थे। कई बार माल बिना वैध ई-वे बिल के भी भेजा जाता था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि पुसौर पुलिस द्वारा ट्रक पकड़े जाने के बाद रायगढ़ निवासी नीरज अग्रवाल के कहने पर रातोंरात फर्जी ई-वे बिल तैयार किए गए और व्हाट्सएप के जरिए भेजे गए, ताकि पुलिस और न्यायालय के सामने दस्तावेजों को वैध बताकर ट्रकों को छुड़ाया जा सके।
पुलिस ने आरोपी गुलाम हैदर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और फर्म से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी ई-वे बिल तैयार कर राज्य शासन को जीएसटी राजस्व का नुकसान पहुंचाया और समय संबंधी कूटरचना कर दस्तावेजों को पहले से जारी दिखाने की कोशिश की। मामले में धारा 336(3), 338, 340(2), 61 बीएनएस समेत अन्य धाराएं जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने आरोपी गुलाम हैदर और गुलाम मोहम्मद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, इस मामले में ट्रक चालक सरोज भोई और कुबेर यादव को भी 20 मई 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, रायगढ़ निवासी नीरज अग्रवाल इस पूरे नेटवर्क का अहम कड़ी है, जो फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस कार्रवाई पर रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि “फर्जी दस्तावेज बनाकर शासन को राजस्व नुकसान पहुंचाने और चोरी के माल के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध स्क्रैप कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

