Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP) | उर्स के अवसर पर निकले संदल जुलूस के दौरान चाकू लहराकर आम लोगों में भय का माहौल बनाने वाले दो युवकों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से धारदार हथियार जब्त किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार तारबहार क्षेत्र के घोड़ादाना स्कूल से निकली संदल टोली के दौरान पुलिस लाइन के पास मामूली विवाद होने पर आरोपी हर्ष खांडे हाथ में चाकू लहराकर लोगों को डराने लगा। पुलिस टीम के पहुंचते ही वह मौके से फरार हो गया था, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार बड़ा चाकू बरामद किया गया है।
इसी तरह तालापारा सिविल लाइन क्षेत्र से निकली दूसरी संदल टोली के दौरान मगरपारा चौक के पास आरोपी अब्दुल अजीम खान हाथ में धारदार चापड़नुमा हथियार लहराते हुए मिला। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लेकर हथियार जब्त किया।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, हथियार लहराकर दहशत फैलाने और आम नागरिकों को डराने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

