पटना में सनसनीखेज वारदात घर में घुसकर पति-पत्नी पर चाकू से हमला, पति की मौत, पत्नी गंभीर
bySheikh Sarfaraz Ahamad
-
0
पटना (Social Activity BSP)। पटना के अशोक राजपथ स्थित लालबाग इलाके में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घर में घुसकर अपराधियों ने पति-पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 30 वर्षीय मोहम्मद नवाज आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में भर्ती कराया गया है।
घायल नाजिया परवीन ने बताया कि घटना के समय दोनों घर में सो रहे थे। अचानक उनकी आंख खुली तो एक युवक चाकू लेकर उनके पति के सीने पर बैठा हुआ था। आरोपी ने नवाज आलम का गला काट दिया। जब उन्होंने पति को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।
मृतक के बड़े भाई ने आरोप लगाया कि सत्यम नाम का युवक उनकी बेटी को स्कूल आते-जाते परेशान करता था। शुक्रवार को उसने घर पर पत्थर भी फेंका था। परिवार वालों ने उसे पकड़कर समझाया था, लेकिन इसके बाद उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक मोहम्मद नवाज आलम लालबाग स्थित सरफराज आलम के मकान में किराए से रहते थे। घटना बिल्डिंग के तीसरे फ्लोर पर हुई। नवाज आलम पटना के एक मॉल में सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद