जागरण अभियान से अच्छे नागरिक तैयार करने का प्रयास – अजय पांडे “सम्मानित जीवन, समान अधिकार” के नारे के साथ देशभर में चला रही जागरूकता अभियान

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। अखिल भारतीय मानव अधिकार समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय पांडे ने बिलासपुर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि समिति पूरे देश में जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था “सम्मानित जीवन, समान अधिकार” के नारे के साथ गरीबों, किसानों, मजदूरों, पीड़ितों और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।

अजय पांडे ने बताया कि समिति सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ जेलों में भी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती है। उन्होंने कहा कि जिन कैदियों की सजा पूरी हो चुकी होती है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे जुर्माने की राशि जमा नहीं कर पाते, उनकी सहायता कर उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने बताया कि समिति द्वारा 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि समाज में जिम्मेदार और अच्छे नागरिक तैयार किए जा सकें। इसी कड़ी में उन्होंने जबलपुर जेल में कैदियों के लिए श्रीमद्भागवत कथा आयोजन की अनुमति मांगे जाने की जानकारी भी दी।

प्रेस वार्ता के दौरान अजय पांडे ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ “धान का कटोरा” कहलाता है, इसलिए किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने किसानों से अनावश्यक वसूली बंद करने और भ्रष्ट अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बिजली उत्पादन में अग्रणी होने के बावजूद प्रदेश के नागरिकों को महंगी बिजली और कटौती की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि आम जनता को सस्ती एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए तथा किसानों को समय पर पर्याप्त बिजली दी जाए।

उन्होंने स्थानांतरण नीति में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि पति-पत्नी को एक ही स्थान पर पदस्थ किया जाना चाहिए और कर्मचारियों की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान होना चाहिए, ताकि वे बेहतर तरीके से कार्य कर सकें।

प्रेस कांफ्रेंस में सड़क दुर्घटनाओं, कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, फैक्ट्रियों में सुरक्षा उपकरणों की कमी और प्रशासनिक लापरवाही जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। अजय पांडे ने कहा कि फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया जाए और अधिकारियों को जवाबदेह बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि समिति का मूल संदेश “जागते रहो, जागते रहो” है और समान अधिकारों के लिए संस्था गांधीवादी आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। साथ ही उन्होंने पत्रकारों के हितों की बात करते हुए पत्रकारों के लिए उचित वेतन, बीमा, पेंशन सुविधा और पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग दोहराई।

अंत में अजय पांडे ने कहा कि अखिल भारतीय मानव अधिकार समिति देशभर में लगातार जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही है और भविष्य में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post