Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर में हजरत मदार शाह बाबा रहमतुल्ला अलैह का चार दिवसीय शानदार उर्स अकीदत, रूहानियत और भाईचारे के माहौल में सम्पन्न हो गया। उर्स के अंतिम दिन कुल की फातिहा के साथ दरगाह परिसर में हजारों जायरीन ने पहुंचकर चादर पेश की और मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली एवं तरक्की की दुआ मांगी।
उर्स के दौरान आयोजित सूफियाना कव्वाली की महफिलों ने पूरी रात समां बांधे रखा। मशहूर कव्वालों की दिलकश प्रस्तुतियों पर अकीदतमंद झूम उठे, वहीं संदल और धमाल कार्यक्रम में भी भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। दरगाह परिसर “या मदार शाह बाबा” के नारों और इबादत की रौनक से गुलजार नजर आया।
समापन अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त वक्फ बोर्ड अध्यक्ष हाजी डॉ. सलीम राज ने दरगाह पहुंचकर चादर पेश की। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ग्रामीण अध्यक्ष मुशर्रफ़ खान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने प्रदेश और देश-दुनिया में शांति, सौहार्द और भाईचारे की दुआ मांगी।
उर्स में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे। दरगाह कमेटी द्वारा जायरीन के लिए बेहतर इंतजाम किए गए थे। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, इबादत और इंसानियत का संदेश देखने को मिला।
दरगाह कमेटी ने उर्स के सफल आयोजन पर सभी श्रद्धालुओं, मेहमानों, समाजजनों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हजरत मदार शाह बाबा रहमतुल्ला अलैह की तालीम मोहब्बत, इंसानियत और आपसी भाईचारे का पैगाम देती है, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद









.jpeg)

