Social Activity BSP
बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र में चलती गाड़ियों पर ईंट-पत्थर फेंककर हादसा कराने वाले अज्ञात आरोपियों को पकड़ने में बिल्हा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूक्ष्म जांच और करीब 40 से 50 CCTV फुटेज खंगालने के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त ईंट, पत्थर और मोसा (औजार) भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता अनवर अली (40 वर्ष) निवासी बलौदाबाजार ने 20 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम झाल मेन रोड में रात करीब 1 बजे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चलती गाड़ियों पर ईंट फेंकी गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चले गए।
घटना में वाहन क्रमांक CG07CB 0655 ट्रक, उसके पीछे आ रही मेटाडोर और बरतोरी के आगे मुख्य मार्ग पर चल रही स्कॉर्पियो को निशाना बनाया गया था। पत्थरबाजी के कारण वाहन चालकों और सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं, वहीं वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ने विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने बिल्हा क्षेत्र और आसपास लगे CCTV कैमरों की बारीकी से जांच की, जिसके आधार पर संदेहियों की पहचान की गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार पंकज कुमार ध्रुव (21 वर्ष) निवासी नयापारा वार्ड क्रमांक 16, टेंगा, जिला धमतरी और मोहन निषाद (30 वर्ष) निवासी कोहरौदा, थाना बिल्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना वाले दिन वाहनों पर ईंट और पत्थर फेंकने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें 17 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

