Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत थाना कोनी पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 06 मई 2026 को थाना कोनी क्षेत्र के ग्राम रमतला निवासी एक व्यक्ति ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोनी पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी भीमा सूर्यवंशी (24 वर्ष) निवासी ग्राम रमतला, थाना कोनी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” एवं अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
(पीड़िता नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान गोपनीय रखी गई है।)
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

