Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसिया, छाल और पुसौर थाना क्षेत्रों में कुल 58 लीटर अवैध महुआ एवं देशी शराब जब्त की है। अलग-अलग कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को यह सफलता मिली।
छाल पुलिस ने 35 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी दबोचा
थाना छाल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हाटी बाजार पारा के पीछे एक व्यक्ति महुआ शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी चैनसिंह राठिया (50 वर्ष) निवासी ग्राम कीदा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से अलग-अलग प्लास्टिक जरीकेनों में भरी करीब 35 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुसौर पुलिस ने स्कूटी से शराब परिवहन करते आरोपी को पकड़ा
वहीं थाना पुसौर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी से अवैध शराब लेकर तेतला की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तेतला रोड पर घेराबंदी कर स्कूटी क्रमांक CG 13 BD 4661 को रोका।
जांच के दौरान आरोपी रवि कर्ष (34 वर्ष) निवासी ग्राम सूपा, थाना पुसौर के कब्जे से बैग में रखी 50 पौवा देशी प्लेन शराब (करीब 9 लीटर) बरामद की गई। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
खरसिया पुलिस ने 14 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की
इसी क्रम में खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि मंगल बाजार रोड किनारे एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी भोलू चौहान (31 वर्ष) निवासी पुरानी बस्ती, खंतीपार खरसिया को पकड़ा।
आरोपी के कब्जे से करीब 14 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। एसएसपी ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास होने वाली अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








.jpeg)

