Social Activity BSP
बीकानेर (Social Activity BSP)। आरपीएसजी समूह की कंपनी सीईएससी राजस्थान (केईडीएल, बीकेईएसएल और बीईएसएल) ने राज्य के राजकीय इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों से कैम्पस प्लेसमेंट के जरिए स्थानीय युवाओं की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस वर्ष कंपनी ने 25 युवा इंजीनियरों को रोजगार का अवसर दिया है।
कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट (एचआर) अरूणाभा साहा ने बताया कि सीईएससी राजस्थान कोटा, बीकानेर और भरतपुर में बेहतर विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की नीति पर काम कर रही है। भर्ती प्रक्रिया में कोटा तकनीकी विश्वविद्यालय, भरतपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, जोधपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, उदयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज (सीटीएई), बीकानेर इंजीनियरिंग कॉलेज, अजमेर इंजीनियरिंग कॉलेज सहित विभिन्न राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों के 200 से अधिक छात्रों ने आवेदन किया था।
कंपनी ने भर्ती के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक का मापदंड तय किया था। चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्वतंत्र भर्ती समिति गठित की गई, जिसमें पहले लिखित परीक्षा और फिर सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया।
चयनित इंजीनियरों को केईडीएल (कोटा), बीकेईएसएल (बीकानेर) और बीईएसएल (भरतपुर) में नियुक्त किया जा रहा है। साथ ही युवाओं को आरपी-एसजी समूह की अन्य कंपनियों में भी कार्य करने का अवसर मिलेगा।
कंपनी के अनुसार, सीईएससी राजस्थान की तीनों कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों में 71 प्रतिशत से अधिक राजस्थान के युवा शामिल हैं। वर्तमान में कुल 626 कर्मचारियों में से 447 स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया गया है। इसके अलावा, कंपनी से जुड़े वेंडर्स के माध्यम से भी बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

