Social Activity BSP
नई दिल्ली (Social Activity BSP)। भारत सरकार देश में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने स्पष्ट किया है कि 2,680 से अधिक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों की सूची सत्यापन के लिए बांग्लादेश सरकार को भेजी गई है। नागरिकता की पुष्टि होते ही इन्हें भारत से डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि यह प्रक्रिया कानून के दायरे में पूरी की जाएगी और कई मामले पिछले पांच वर्षों से लंबित हैं। भारत ने बांग्लादेश से जल्द सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने की उम्मीद जताई है।
इसके अलावा, भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर बीजिंग में आयोजित WMCC (वर्किंग मैकेनिज्म फॉर कंसल्टेशन एंड कोऑर्डिनेशन) की 35वीं बैठक को सकारात्मक बताया गया। बैठक में सीमा प्रबंधन, सहयोग और सीमा से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई।
वहीं, अमेरिका में भारतीय नागरिकों के साथ हुई कथित नस्लवाद की घटनाओं पर भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं है। साथ ही भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को मजबूत करने के लिए वार्ता जारी है और जल्द अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत आने वाला है।
यूक्रेन संकट को लेकर विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत विभिन्न देशों के साथ लगातार संपर्क में है। वहीं नेपाल के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए भारतीय विदेश सचिव के संभावित दौरे की तैयारी भी चल रही है।
भारत ने अपनी एनर्जी सिक्योरिटी को लेकर भी साफ किया है कि देश ऊर्जा आपूर्ति के लिए अलग-अलग वैश्विक बाजारों के साथ सहयोग बढ़ा रहा है और नए स्रोतों से साझेदारी को प्राथमिकता दी जा रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

