Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ार में एक युवती पर घर में घुसकर कथित रूप से चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 16 मई 2026 को थाना चकरभाठा में शिकायत दर्ज कराई कि गांव निवासी भरत वर्मा से उसकी पहचान होने के कारण दोनों के बीच प्रेम संबंध था। वर्ष 2025 में आरोपी के विवाह के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद आरोपी गांव में मिलने पर गाली-गलौज करता था।
पीड़िता के मुताबिक घटना वाले दिन वह अपने घर में मौजूद थी, तभी आरोपी भरत वर्मा घर के भीतर घुस आया और कथित रूप से जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि हमले में पीड़िता के पेट और हथेली में चोट आई। शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी भरत वर्मा, पिता राधेश्याम वर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम कड़ार थाना चकरभाठा के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

