Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। छत्तीसगढ़ी सिनेमा प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। पारिवारिक मूल्यों, प्रेम, संघर्ष और सामाजिक संदेशों पर आधारित बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ी फिल्म “15 मई” जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का निर्देशन युवा निर्देशक अभिषेक सिंह ने किया है, जबकि निर्माता राजा साहू, राजेश रायपुरिया और सुरेश ठाकुर हैं।
फिल्म को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में निर्देशक अभिषेक सिंह ने बताया कि “15 मई” केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली पारिवारिक फिल्म है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऐसी फिल्मों की आवश्यकता है, जो समाज और परिवार से जुड़े मूल्यों को मजबूती से प्रस्तुत कर सकें।
निर्देशक के अनुसार फिल्म में प्रेम, परिवार और संघर्ष की कहानी को भावनात्मक अंदाज में दिखाया गया है। इसके गीत-संगीत और संवाद दर्शकों को काफी पसंद आएंगे। साथ ही फिल्म में छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपराओं की खूबसूरत झलक भी देखने को मिलेगी।
फिल्म में अभिनेता अजय साहू मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे, जबकि अभिनेत्री पूजा बंजारे उनके साथ मुख्य किरदार में दिखाई देंगी। कलाकारों ने विश्वास जताया कि यह फिल्म हर वर्ग के दर्शकों को पसंद आएगी और मनोरंजन के साथ एक अच्छा सामाजिक संदेश भी देगी।
प्रेस वार्ता के दौरान फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही। कलाकारों और निर्माताओं ने दर्शकों से परिवार के साथ फिल्म देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री लगातार आगे बढ़ रही है और स्थानीय कलाकारों को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।
फिल्म “15 मई” को लेकर दर्शकों में अभी से उत्साह देखा जा रहा है। निर्माताओं का दावा है कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाएगी और छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

