Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP) | रायपुर में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग खुलेआम बंदूक से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में बिलासपुर निवासी एक शासकीय कर्मचारी और उनकी पत्नी शामिल हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार शादी समारोह में जमकर हवाई फायरिंग की गई, जिसे लेकर अब पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो दो दिन पुराना है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहे ऋतुपर्ण सिंह और उनकी पत्नी मोनिका सिंह समारोह के दौरान फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। मोनिका सिंह भाजपा से जुड़ी हुई बताई जा रही हैं और वर्तमान में मंडी सदस्य के पद पर कार्यरत हैं। समारोह में मौजूद लोगों ने इस दौरान जमकर उत्साह दिखाया और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
हर्ष फायरिंग को कानूनन अपराध माना जाता है। शादी, जुलूस या अन्य खुशी के मौकों पर हवा में गोली चलाना आम लोगों के लिए खतरा बन सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक लाइसेंसी हथियार से भी हर्ष फायरिंग की अनुमति नहीं होती। आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत ऐसे मामलों में गिरफ्तारी और हथियार लाइसेंस निरस्त करने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।
छत्तीसगढ़ में इससे पहले भी रायपुर और जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों में हर्ष फायरिंग के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर आधिकारिक जांच और पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

