Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। हिर्री पुलिस ने कोयला हेराफेरी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित कोल माफिया नेटवर्क से जुड़े डिपो मालिक, वाहन मालिक और चालकों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला पेण्ड्रीडीह डिपो खदान क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की कथित हेराफेरी से जुड़ा है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी आशीष केशरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोल परिवहन एवं लिफ्टिंग का कार्य करता है। शिकायत में बताया गया कि एसईसीएल अमेरा विश्रामपुर क्षेत्र की खदान से उच्च गुणवत्ता वाले जी-6 (5500-5800 GCV) कोयले को ट्रेलरों में लोड कर सिलतरा स्थित गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड भेजा गया था।
आरोप है कि रास्ते में पेण्ड्रीडीह चौक के पास वाहन मालिक और अन्य आरोपियों ने ट्रेलरों को कथित रूप से एक कोल डिपो में ले जाकर प्रत्येक वाहन से लगभग पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतार लिया। इसके स्थान पर निम्न गुणवत्ता वाला लगभग 4700 GCV कोयला लोड कर गंतव्य तक भेजा गया।
मामले की शिकायत पर हिर्री थाना में अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत धारा 316(3), 317(4), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा, गवाहों के बयान और जब्ती की कार्रवाई की। साथ ही निम्न गुणवत्ता वाले कोयले का परीक्षण कराने के लिए सैंपल भी लिया गया।
जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने डिपो मालिक नरेश अग्रवाल, वाहन स्वामी गंगा प्रसाद साहू तथा वाहन चालकों फिरोज अंसारी, निसार अंसारी और इमरान अंसारी को गिरफ्तार कर 25 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

