Social Activity BSP
नई दिल्ली (Social Activity BSP)। ईरान के पास एक संदिग्ध ड्रोन को सेना ने एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से मार गिराने का दावा किया है। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केशम आइलैंड के नजदीक एक अज्ञात ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया, जिसके बाद सेना ने मिसाइल दागकर उसे हवा में ही नष्ट कर दिया।
हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ड्रोन किस देश या संगठन की ओर से भेजा गया था। न तो अमेरिका ने इसकी जिम्मेदारी ली है और न ही मिडिल ईस्ट के किसी अन्य देश ने इस पर कोई दावा किया है। ईरान इस मामले की जांच में जुटा हुआ है।
इस घटनाक्रम के बीच अमेरिका और ईरान के बीच संभावित परमाणु समझौते को लेकर बातचीत तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि समझौते की शर्तों पर चर्चा जारी है और अब अंतिम मंजूरी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संकेत पर निर्भर मानी जा रही है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ईरान के सामने कई शर्तें रखते हुए कहा कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार नहीं रखने की गारंटी देनी होगी। साथ ही होर्मुज़ जलडमरूमध्य को बिना किसी रुकावट जहाजों के लिए खोलने, समुद्री बारूदी सुरंगों को हटाने और संवर्धित यूरेनियम को नष्ट करने जैसी शर्तों का भी जिक्र किया गया।
फिलहाल, ईरान और अमेरिका के बीच संभावित डील को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नजर बनी हुई है, जबकि ड्रोन घटना ने क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं को फिर बढ़ा दिया है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

