Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र व्यापार विहार में शुक्रवार सुबह एक तेल एजेंसी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। तारबहार थाना क्षेत्र के व्यापार विहार जून क्रमांक-2 स्थित चौधरी एजेंसी में सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच अचानक आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एजेंसी की इमारत से घना काला धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आसपास के व्यापारियों ने तत्काल एजेंसी संचालक, फायर ब्रिगेड, पुलिस और कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची तथा आग की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल वाहनों को आग बुझाने में लगाया गया।
बताया जा रहा है कि एजेंसी में तेल भंडारण के साथ पैकेजिंग और रिफिलिंग का कार्य भी किया जाता था, जिससे आग तेजी से फैलने का खतरा बढ़ गया। आग की लपटों और धुएं के चलते पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
एजेंसी के पास थोक आलू-प्याज की दुकान सहित करीब 10 से 15 दुकानें आपस में जुड़ी हुई हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका के बीच आसपास के व्यापारी जल्दबाजी में अपना सामान खाली करते नजर आए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने एजेंसी के आसपास दोनों ओर के रास्तों को बंद कर लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और राहत की बात यह है कि किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

