Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। खरसिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसिया से चोरी हुई वेन्यू कार को दिल्ली से बरामद कर लिया है तथा वाहन चोरी में शामिल आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी द्वारा डुप्लीकेट चाबी बनाकर योजनाबद्ध तरीके से वाहन चोरी करने और नंबर प्लेट बदलकर उसका उपयोग करने का मामला सामने आया है।
प्रकरण में 06 मई 2026 को प्रार्थी संदीप कुमार ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी वेन्यू कार क्रमांक CG 04 MT 7666 घर के सामने से चोरी हो गई है। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 218/2026 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की लोकेशन ट्रेस की, जिसमें कार एक होटल तक जाती दिखाई दी। होटल स्टाफ से पूछताछ और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस आरोपी मोहम्मद आमिर तक पहुंची, जिसका मोबाइल उपयोग दिल्ली क्षेत्र में पाया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रार्थी के रिश्तेदार द्वारा पूर्व में वाहन की मरम्मत दिल्ली में कराई गई थी, जहां आरोपी मैकेनिक के संपर्क में आया था। इसी आधार पर पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई और लगातार तीन दिनों की तलाश के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहले से डुप्लीकेट चाबी तैयार कर रखी थी और जीपीएस जानकारी के आधार पर योजना बनाकर वाहन चोरी की। आरोपी ने नंबर प्लेट बदलकर वाहन को दिल्ली में उपयोग करने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली के एमसीडी पार्किंग क्षेत्र से चोरी की गई वेन्यू कार बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई गई है। मामले में साक्ष्य के आधार पर धोखाधड़ी की धारा 318 BNS भी जोड़ी गई है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

