Social Activity BSP
नई दिल्ली (Social Activity BSP)। उत्तर भारत में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम अब बड़ा करवट लेने वाला है। मौसम विभाग और मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आज शाम से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देना शुरू होगा, जिससे कई राज्यों में तेज आंधी, धूल भरी हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-NCR, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में देर शाम से मौसम अचानक बदल सकता है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
हालांकि मौसम बदलने से पहले आज दोपहर तक कई क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है, जबकि राजस्थान के कुछ हिस्सों में पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना जताई गई है। भीषण गर्मी और लू के कारण लोगों को दिन के समय विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शाम के बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है और मौसम तेजी से बदलने लगेगा। कई स्थानों पर तेज हवाओं और बिजली चमकने की भी आशंका है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की अपील की है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

