एसईसीएल और सीडब्ल्यूसी के बीच रणनीतिक एमओयू, कोयला परिवहन और रेल लॉजिस्टिक्स को मिलेगा नया बल

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) और सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (सीडब्ल्यूसी) के बीच कोयला परिवहन, रेलवे रेक उपलब्धता और एकीकृत लॉजिस्टिक्स सेवाओं को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य कोयला निकासी क्षमता बढ़ाने और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों को निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन में एसईसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने और कोयला लॉजिस्टिक्स अवसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। सीडब्ल्यूसी के साथ यह समझौता इसी प्रयास का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिससे बिजली, इस्पात, सीमेंट और अन्य उद्योगों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।

एमओयू के तहत समर्पित रेलवे रेक संचालन, एकीकृत कोयला परिवहन समाधान, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, फर्स्ट-माइल और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी के साथ-साथ डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के उपयोग जैसे क्षेत्रों में दोनों संस्थाएं मिलकर कार्य करेंगी। प्रस्तावित व्यवस्था के जरिए जीपीडब्ल्यूआईएस और समकक्ष रेक संचालन तथा दीर्घकालिक परिवहन समाधान विकसित करने की संभावनाओं पर भी संयुक्त रूप से काम किया जाएगा, जिससे लॉजिस्टिक बाधाओं में कमी और डिस्पैच क्षमता में वृद्धि होगी।

यह समझौता एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन और सीडब्ल्यूसी के प्रबंध निदेशक संतोष सिन्हा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यात्मक निदेशकगण और सीडब्ल्यूसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

एसईसीएल देश की बढ़ती कोयला मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा 100 मिलियन टन उत्पादन का आंकड़ा पार किया गया है, जिसमें एसईसीएल ने 26.8 मिलियन टन से अधिक उत्पादन कर अग्रणी योगदानकर्ता के रूप में अपनी मजबूत भूमिका निभाई है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post