Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। एनएसयूआई छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव रंजेश सिंह ने व्यापार विहार स्थित St. Xavier’s High School द्वारा कथित रूप से शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण किए जाने का आरोप लगाते हुए नगर निगम प्रशासन और जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर बिलासपुर, नगर निगम आयुक्त और भवन अधिकारी को शिकायत ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
रंजेश सिंह ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य मार्ग के सामने लगभग 50 मीटर तक सार्वजनिक भूमि पर कथित अतिक्रमण करते हुए विशाल सीमेंट गेट, पक्के निर्माण, चेनर और होर्डिंग लगाए गए हैं, जिससे आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। उनका कहना है कि जिस मार्ग का उपयोग पहले आम लोग करते थे, वह अब संकरा और प्रभावित हो गया है।
एनएसयूआई प्रदेश सचिव ने निगम प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीब व्यक्ति द्वारा सड़क किनारे छोटी झोपड़ी या दुकान बनाने पर तत्काल बुलडोजर कार्रवाई की जाती है, लेकिन प्रभावशाली संस्थानों द्वारा कथित कब्जे के मामलों में प्रशासन मौन क्यों रहता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कानून केवल कमजोर वर्ग के लोगों के लिए ही लागू होता है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई सामान्य नागरिक कुछ फीट भूमि पर अस्थायी कब्जा करता है तो निगम प्रशासन तुरंत नोटिस, जुर्माना और तोड़फोड़ की कार्रवाई करता है, लेकिन इस मामले में लंबे समय से शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
ज्ञापन में निगम एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से तत्काल स्थल निरीक्षण, भूमि रिकॉर्ड एवं भवन अनुमति की जांच, अतिक्रमण पाए जाने पर हटाने की कार्रवाई, संबंधित जिम्मेदार लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई तथा आम नागरिकों के लिए बाधित मार्ग को पूर्व स्थिति में बहाल करने की मांग की गई है।
रंजेश सिंह ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो एनएसयूआई जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

