Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 20 मई से 25 मई 2026 तक चलाए गए अभियान में पुलिस ने कुल 230 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तार आरोपियों में 76 स्थायी वारंटी और 154 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी लंबे समय से न्यायालय में नियत पेशी पर उपस्थित नहीं हो रहे थे, जिसके कारण उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट और बाद में स्थायी वारंट जारी किए गए थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा अभियान को प्रतिस्पर्धात्मक स्वरूप दिया गया है, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों को प्रोत्साहित भी किया जाता है।
अभियान के दौरान स्थायी वारंट तामिली में थाना घरघोड़ा प्रथम स्थान पर रहा, जहां पुलिस ने 17 स्थायी वारंट तामील किए। थाना चक्रधरनगर ने 09 स्थायी वारंट तामील कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि थाना लैलूंगा ने 07 स्थायी वारंट तामील कर तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं गिरफ्तारी वारंट तामिली में थाना धरमजयगढ़ ने 28 गिरफ्तारी वारंट तामील कर पहला स्थान हासिल किया। थाना चक्रधरनगर ने 27 गिरफ्तारी वारंट तामील कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि थाना छाल ने 22 गिरफ्तारी वारंट तामील कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। थाना घरघोड़ा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया निवासी बरभौना, थाना छाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। साथ ही फरार निगरानी बदमाश मोहसिन खान उर्फ गुरु पठान को भी गिरफ्तार किया गया।
इसी प्रकार थाना चक्रधरनगर पुलिस ने मारपीट के मामले में फरार 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया। थाना भूपदेवपुर पुलिस ने दुष्कर्म प्रकरण के फरार आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि थाना लैलूंगा पुलिस ने चोरी के मामले में फरार आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया। जिलेभर में चली इस कार्रवाई से फरार अपराधियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि कानून से बचकर फरार रहने वालों के लिए रायगढ़ जिले में कोई सुरक्षित जगह नहीं है और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

