Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 19 नग सुपर मैक्स सोल्यूशन, बिक्री रकम एवं अन्य सामान जब्त कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम द्वारा पूर्व में गांजा और नशीले इंजेक्शन पर कार्रवाई के बाद अब नाबालिगों को नशे का सामान बेचने वाले युवक पर शिकंजा कसा गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामभांठा स्थित संजय मैदान के पास एक युवक छोटे-छोटे बच्चों को सोल्यूशन बेच रहा है, जिसका उपयोग नशे के रूप में किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस की मौजूदगी देखकर कई नाबालिग लड़के वहां से भाग निकले। मौके पर एक युवक को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसने बताया कि उसने “डोकरी” नामक व्यक्ति से 40 रुपये में सोल्यूशन खरीदा है। उसके पास से सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन नंबर-04 का ट्यूब भी बरामद किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने संदेही शिवशंकर उर्फ डोकरी सिदार (26 वर्ष) निवासी सुसडेगा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 19 नग सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन नंबर-04 (50 एमएल) बरामद किए गए। साथ ही बिक्री की रकम 240 रुपये और अन्य सामान भी जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह राउरकेला (ओडिशा) से सोल्यूशन खरीदकर रायगढ़ शहर के विभिन्न मोहल्लों में घूम-घूमकर नाबालिग बच्चों को 50 से 60 रुपये में बेचता था। आरोपी ने बताया कि करीब 10 दिन पहले वह राउरकेला से 5 बॉक्स सोल्यूशन खरीदकर लाया था।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 284/2026 के तहत धारा 123, 275, 286 बीएनएस एवं धारा 77 जेजे एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार कठोर कार्रवाई करती रहेगी और समाज व अभिभावकों की सतर्कता भी बेहद जरूरी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

