Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनांद” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बूचड़खाने ले जाए जा रहे 08 नग मवेशियों को मुक्त कराया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 की रात डॉयल 112 को सूचना मिली कि ग्राम खड़गांव में एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही डॉयल 112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक CG 12 AS 8363 में 08 नग मवेशी क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरे हुए पाए गए। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने से बचा लिया।
पुलिस पूछताछ में वाहन में मौजूद दो व्यक्तियों ने अपना नाम सत्यपाल राठिया (21 वर्ष) और तिहारू राम राठिया (30 वर्ष) निवासी चाकामार नवापारा, जिला कोरबा बताया। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि वाहन चालक रमेश राठिया मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
डॉयल 112 में तैनात आरक्षक प्याराजीवन टोप्पो द्वारा घटना की सूचना थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े को दी गई। थाना प्रभारी के निर्देशन में पिकअप वाहन, मवेशियों और आरोपियों को थाना धरमजयगढ़ लाया गया, जहां विधिवत कार्रवाई की गई।
थाना धरमजयगढ़ में आरोपियों सत्यपाल राठिया, तिहारू राम राठिया एवं फरार आरोपी रमेश राठिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मुक्त कराए गए मवेशियों के चारा-पानी और देखरेख की व्यवस्था के लिए ग्राम सलखिया गौशाला में रखा गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजू मिश्रा, प्रधान आरक्षक जगित राठिया, आरक्षक प्याराजीवन टोप्पो एवं ईआरवी चालक इलियास खान उर्फ बबलू की सराहनीय भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “ऑपरेशन शंखनांद के तहत मवेशी तस्करी एवं पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों में रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

