Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैच में हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा खिलाते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नगदी रकम, मोबाइल फोन और सट्टा-पट्टी जप्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 की रात थाना धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि धरमजयगढ़ स्थित वर्षों से बंद पड़े भारत टॉकीज के सामने कुछ लोग आईपीएल क्रिकेट मैच में हार-जीत पर रुपये का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीष भौमिक (38 वर्ष) निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी, खरसिया रोड थाना धरमजयगढ़ जिला रायगढ़ बताया।
पुलिस जांच में आरोपी के कब्जे से एक कागज में आईपीएल टीमों के नाम और रुपये के लेन-देन का हिसाब-किताब लिखा हुआ मिला। इसके अलावा आरोपी से 725 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन जप्त किया गया है। पुलिस अब मोबाइल की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने की संभावना जताई जा रही है।
धरमजयगढ़ थाना में आरोपी मनीष भौमिक के खिलाफ अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत धारा 6, छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजू मिश्रा, आरक्षक विजयानंद राठिया और कमलेश केरकेट्टा की सराहनीय भूमिका रही।
“ऑपरेशन अंकुश” के तहत लगातार कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अंक सट्टा के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा कोलकाता से लेकर गोवा तक फैले सट्टा नेटवर्क से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार फरवरी 2026 से अब तक जिले में 62 सटोरियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनसे 1 करोड़ 9 लाख रुपये से अधिक की नकदी, सैकड़ों मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीनें और लैपटॉप जप्त किए जा चुके हैं।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अवैध जुआ गतिविधियां युवाओं और समाज को आर्थिक व सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने वाला अपराध है। रायगढ़ पुलिस ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। सट्टा खिलाने वालों के साथ-साथ सट्टा खेलने वालों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

