डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी में बड़ी कार्रवाई: पिता-पुत्र गिरफ्तार, खाते में मिले 54.40 लाख रुपये

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। रेंज साइबर थाना बिलासपुर पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के भंडारा जिले से पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खाते में साइबर ठगी से जुड़े 54 लाख 40 हजार रुपये प्राप्त होने के बाद उनकी संलिप्तता सामने आई। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाई है।

पुलिस के अनुसार, प्रकरण में साइबर अपराधियों ने एक वरिष्ठ नागरिक महिला को व्हाट्सएप मैसेज और वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क कर स्वयं को जांच एजेंसियों से जुड़ा अधिकारी बताया। आरोपियों ने महिला को आतंकवादी संगठन से नाम जुड़ने और कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर मानसिक दबाव में रखा तथा तथाकथित “डिजिटल अरेस्ट” कर विभिन्न बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये जमा करा लिए।

पीड़िता की शिकायत पर रेंज साइबर थाना बिलासपुर में अपराध दर्ज कर धारा 318(4), 308(6), 3(5) बीएनएस तथा 66C, 66D आईटी एक्ट के तहत जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और बैंक खातों के विश्लेषण में आईसीआईसीआई बैंक के एक खाते में साइबर ठगी से संबंधित 54 लाख 40 हजार रुपये ट्रांसफर होना पाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री राम गोपाल गर्ग, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली श्री गगन कुमार के निर्देशन में निरीक्षक कामिल हक के नेतृत्व में साइबर टीम गठित कर महाराष्ट्र रवाना किया गया।

जांच के दौरान साइबर पुलिस टीम ने गांधी वार्ड, वरठी थाना जिला भंडारा (महाराष्ट्र) निवासी मोहम्मद नेमतउल्लाह मंसूरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया था। पुलिस के अनुसार, उक्त खाते का उपयोग शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड, ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों में किया जा रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नेपाल के काठमांडू जाकर बैंक खाता अन्य आरोपियों को उपलब्ध कराता था। वहीं आरोपी का पिता अब्दुल कयूम अंसारी भी इस गतिविधि में संलिप्त पाया गया, जो कथित रूप से कमीशन के लिए मुख्य आरोपियों से मोबाइल के माध्यम से संपर्क में था। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों एवं पूरे साइबर नेटवर्क की तकनीकी जांच कर रही है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post