Social Activity BSP
पेंड्रा (Social Activity BSP)। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटमी मुख्य बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। लूटपाट की नीयत से पहुंचे तीन अज्ञात बदमाशों ने विरोध करने पर सराफा व्यापारी पप्पू उर्फ प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे क्षेत्र में दहशत और व्यापारियों में भारी आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीन युवक कोटमी बाजार स्थित सराफा दुकान पहुंचे थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बदमाश दुकान में लूटपाट की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान व्यापारी पप्पू सोनी ने विरोध किया, जिससे नाराज आरोपियों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यापारी को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके के पास से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दिनदहाड़े बाजार के बीच हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

