Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के कटेल टिकरा जंगल में मिले महिला के शव मामले में रायगढ़ पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतिका के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतिका की पहचान अधिवक्ता आराधना सिदार, उम्र 31 वर्ष, निवासी केकराझरिया लैलूंगा के रूप में हुई है, जिसकी हत्या कथित रूप से उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल द्वारा की गई।
पुलिस के मुताबिक 12 मई 2026 को कटेल टिकरा जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। घटनास्थल पर महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और पुलिस टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए तथा शव की पहचान के प्रयास किए।
जांच के दौरान थाना चक्रधरनगर में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले सामान के आधार पर मृतिका की पहचान आराधना सिदार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक युवक मोटरसाइकिल पर मृतिका को ले जाते हुए दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल तक पहुंची।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका मृतिका के साथ करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी पहले से विवाहित था और मृतिका द्वारा शादी का दबाव बनाए जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से मृतिका को मिलने के बहाने अपने साथ ले जाकर सुनसान क्षेत्र में हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया और संदेह से बचने के लिए मृतिका के मोबाइल का उपयोग कर परिजनों और परिचितों से बातचीत भी की। आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी लोकनाथ पटेल, पिता रामप्रसाद पटेल, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम चारपारा, जिला सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

