Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवा में छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि यह नेटवर्क मध्य भारत के कई शहरों तक फैला हुआ था और करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में दर्ज पूर्व मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान हवाला लेनदेन और खरसिया निवासी अमित मित्तल के नेटवर्क से जुड़े अहम इनपुट मिले थे। इसके बाद साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की, जिसमें रायगढ़, रायपुर, सक्ती, खरसिया सहित अन्य शहरों से जुड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने गोवा के कैंडोलिम बीच क्षेत्र स्थित एक किराए के विला में दबिश देकर अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे। मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी कथित रूप से विभिन्न माध्यमों से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते थे। पुलिस के मुताबिक सट्टा संचालन के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, बेटिंग आईडी, कॉलिंग ऐप और ऑनलाइन भुगतान प्रणाली का उपयोग किया जाता था। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये के वित्तीय लेनदेन के संकेत मिले हैं, जिसकी विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के तार कथित रूप से बड़े सट्टा नेटवर्क संचालकों से जुड़े पाए गए हैं और मध्य भारत के कई शहरों में फैले नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। पूछताछ में हवाला के जरिए रकम के लेनदेन और डिजिटल माध्यमों से वित्तीय गतिविधियों के संकेत भी मिले हैं।
रायगढ़ पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में अन्य संदिग्धों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

