Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP) | जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नगदी और जुआ सामग्री भी जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, 4 मई 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को ग्राम तराईमाल स्थित बीएस स्पंज के पास जुआ खेले जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां दो व्यक्ति पेड़ के नीचे स्टाईगर गोटी से हार-जीत का दांव लगाते पाए गए।
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा, जिनकी पहचान दीपक कुमार डिस्टाल्ले (28 वर्ष) निवासी जेलपारा थाना जूटमिल और अभय चौहान (25 वर्ष) निवासी विजयपुर मां बिहार कॉलोनी थाना चक्रधरनगर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से स्टाईगर गोटी, एक टॉवेल, एक प्लास्टिक बोरी और ₹1,700 नगद रकम बरामद कर जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने जुआ खेलने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

