रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” जारी, 24 टन कबाड़ से भरा ट्रक और 53 क्विंटल सरिया जप्त

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संदिग्ध संपत्तियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। थाना जूटमिल और थाना छाल पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 23 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की है। पुलिस ने 24 टन कबाड़ से भरा ट्रक और 53 क्विंटल लोहे का सरिया बरामद कर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।

जानकारी के अनुसार, थाना जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पटेलपाली सब्जी मंडी के पास मुख्य मार्ग किनारे खड़े एक ओडिशा पासिंग ट्रक में भारी मात्रा में कबाड़ लोड है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक OD-19-C-4666 को पकड़ा। जांच में ट्रक में भारी मात्रा में लोहे और टीन का कबाड़ मिला। चालक प्रमोद कुमार यादव (26 वर्ष) निवासी समस्तीपुर, बिहार से कबाड़ और वाहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने करीब 24 टन कबाड़ (करीब 8 लाख रुपये) और 12 लाख रुपये कीमत के ट्रक को जप्त कर कार्रवाई की।

वहीं थाना छाल पुलिस ने ग्राम बेहरामार में रेड कार्रवाई कर भारी मात्रा में लोहे का सरिया बरामद किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक शेड में चोरी की आशंका वाला सरिया रखा गया है। मौके पर पुलिस ने भोजराम पटेल (38 वर्ष) निवासी बेहरामार से पूछताछ की और तलाशी के दौरान 5300 किलोग्राम (53 क्विंटल) लोहे का सरिया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.15 लाख रुपये है, बरामद किया। सरिया से संबंधित दस्तावेज मांगने पर कोई वैध बिल प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की।

रायगढ़ पुलिस के अनुसार जिले में चोरी के सामान, अवैध कबाड़ और संदिग्ध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post