रायगढ़ यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, एक दिन में 120 वाहनों पर ₹1.51 लाख से अधिक का चालान

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा जिले में विशेष चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 21 मई 2026 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ही दिन में 120 वाहनों पर चालान कर ₹1,51,700 की राशि वसूली।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में हाईवे और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान गेरवानी–पूंजीपथरा मार्ग पर भारी वाहनों के खिलाफ रिकॉर्ड स्तर पर चालानी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान ओवर स्पीड, खतरनाक तरीके से वाहन चलाना, नो पार्किंग, रजिस्ट्रेशन नंबर नियमों का उल्लंघन, तीन सवारी, बिना हेल्मेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने जैसे मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 120 प्रकरण दर्ज करते हुए वाहन चालकों से ₹1.51 लाख से अधिक की चालानी राशि वसूल की।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। हाल ही में पुसौर थाना क्षेत्र में हुए गंभीर सड़क हादसों में आरोपित वाहन चालकों के खिलाफ आपराधिक मानव वध जैसी गंभीर धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की है।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post