Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। राम जन्मभूमि तीर्थ यात्रा कराने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रतनपुर पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अयोध्या दर्शन कराने का झांसा देकर करीब 75 लोगों से एक लाख से अधिक राशि लेने और बाद में संपर्क बंद कर देने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को ग्राम गोंदईया निवासी हेमंत साहू ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम झझपुरीकला, थाना लोरमी निवासी होरीलाल अनंत उर्फ राज अनंत स्वयं को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का सदस्य बताकर ग्राम गोंदईया और ग्राम बछालीखुर्द के करीब 75 लोगों को अयोध्या दर्शन कराने का भरोसा दिया था।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने करीब एक वर्ष पहले तीर्थ यात्रा कराने के नाम पर लोगों से कुल ₹1,12,575 की राशि ले ली, लेकिन न तो किसी को तीर्थ यात्रा कराई और न ही रकम वापस की। आरोप है कि बाद में आरोपी ने लोगों के फोन उठाना भी बंद कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी होरीलाल अनंत उर्फ राज अनंत (32 वर्ष) निवासी झझपुरीकला, थाना लोरमी, जिला मुंगेली को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु भापुसे अंशिका जैन, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह और आरक्षक बिजेंद्र रात्रे की विशेष भूमिका रही।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

