Social Activity BSP
सूरजपुर (Social Activity BSP)। जिले में अवैध कारोबार और संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतापपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय पेट्रोलियम कंपनी के डीजल चोरी के मामले का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में एक ढाबा संचालक और एक टैंकर चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
पुलिस ने मौके से लगभग 950 लीटर डीजल, दो टैंकर वाहन, एक स्कॉर्पियो, कटिंग मशीन सहित चोरी में प्रयुक्त उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 22 मई 2026 की रात थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम दुरती स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में ढाबा संचालक अपने स्कॉर्पियो वाहन के साथ मौजूद है तथा उसके पीछे पहुंचे दो टैंकरों से डीजल चोरी कर निकाला जा रहा है।
सूचना के अनुसार, टैंकर वाहन क्रमांक WB 78-5226 एवं NL 06 A 9129 मुगलसराय से लगभग 24-24 हजार लीटर डीजल लेकर उड़ीसा जा रहे थे। आरोप है कि टैंकर चालकों ने ढाबा संचालक के साथ मिलकर टैंकर के ऑयल टैंक में कटिंग कर उसमें से डीजल चोरी करना शुरू कर दिया था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल अन्नपूर्णा ढाबा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ढाबे के पीछे बने कमरे से 200 लीटर क्षमता वाले चार ड्रम, कई प्लास्टिक जरीकेन और अन्य पात्रों में भरा कुल 950 लीटर डीजल बरामद किया गया। बरामद डीजल की अनुमानित कीमत लगभग ₹93,100 बताई गई है।
पुलिस ने मौके से लोहे की छड़, प्लास्टिक पाइप, डीजल मापने का पात्र, कंटेनर में लगने वाले लोहे के कम्पाट, कटिंग मशीन सहित चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए। इसके अलावा दोनों टैंकर वाहनों और एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन (UP 67 AM 9993) को भी पुलिस ने कब्जे में लिया।
मामले में थाना प्रतापपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 151/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 316(3), 316(5) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए ढाबा संचालक रविकांत कुमार यादव और टैंकर चालक सलीम रहमान खान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे टैंकर का चालक सलमान पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध कारोबार, चोरी और संगठित अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

