बिलासपुर के अपोलो अस्पताल पर फिर उठे सवाल: इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत के बाद परिजनों ने मांगी निष्पक्ष जांच

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। इलाज के दौरान एक बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही, पारदर्शिता की कमी और उपचार प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। मामले को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जहां मृतक के परिजनों ने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के हरदी बाजार क्षेत्र निवासी 81 वर्षीय उदय नारायण जायसवाल को 14 अप्रैल 2026 को दाहिने पैर में दर्द की शिकायत के बाद अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 27 अप्रैल 2026 को उनकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र राजेश कुमार जायसवाल का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से उपचार प्रक्रिया और मृत्यु के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

प्रेसवार्ता के दौरान राजेश कुमार जायसवाल ने कहा कि उनके पिता को केवल पैर में दर्द की शिकायत थी, लेकिन इलाज के दौरान उन्हें आईसीयू और वेंटिलेटर में क्यों रखा गया, इस संबंध में परिवार को संतोषजनक जानकारी नहीं मिली। उन्होंने भर्ती से लेकर मृत्यु तक की पूरी मेडिकल प्रक्रिया, उपचार संबंधी दस्तावेजों और चिकित्सकीय निर्णयों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

परिजनों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, संभागायुक्त, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित थाना प्रभारी को शिकायत भेजी गई है, जिसमें निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

फिलहाल मामले में परिजनों द्वारा गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जबकि अस्पताल प्रबंधन का पक्ष अभी सामने आना बाकी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post