Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर में मुस्लिम समाज के लोगों ने गुरुवार को बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर गौमाता को “राष्ट्रमाता” घोषित किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए संसद का विशेष सत्र बुलाकर आवश्यक संवैधानिक और विधायी प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
ज्ञापन में मुस्लिम समाज की ओर से कहा गया कि भारत की सनातन परंपरा, संस्कृति और करोड़ों हिंदुओं की आस्था में गौमाता को विशेष स्थान प्राप्त है। समाज ने इसे केवल धार्मिक भावना नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सम्मान और सामाजिक सौहार्द से जुड़ा विषय बताया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गाय को मातृत्व, सेवा, करुणा और पालन-पोषण का प्रतीक माना जाता है। प्रतिनिधियों ने मांग की कि गौसंरक्षण, संवर्धन और सम्मान को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से संसद का विशेष सत्र बुलाकर गौमाता को “राष्ट्रमाता” घोषित करने पर विचार किया जाए।
मुस्लिम समाज के सदस्यों ने कहा कि वे भारत की सभी धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक मूल्यों का सम्मान करते हैं। इसी भावना के तहत राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से यह ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुस्लिम समाज के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रिपोर्ट :- इमरान अली




.jpeg)

