विश्व पर्यावरण दिवस पर एसईसीएल मुख्यालय में हरित संकल्प: ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण, ‘पर्यावरण दर्पण’ का विमोचन

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस उत्साह, जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति एसईसीएल की प्रतिबद्धता को विभिन्न गतिविधियों के जरिए प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन द्वारा पर्यावरण ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, श्रद्धा महिला मंडल अध्यक्षा शशि दुहन सहित विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के तहत अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन के नेतृत्व में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत नेहरू शताब्दी नगर कॉलोनी में विभिन्न फलदार एवं औषधीय पौधों का पौधरोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण निर्माण का संकल्प भी दोहराया।

इस दौरान एसईसीएल की वार्षिक पर्यावरण पत्रिका “पर्यावरण दर्पण” का विमोचन किया गया। साथ ही एसईसीएल की हरित परियोजनाओं, पर्यावरणीय पहलों और सतत खनन गतिविधियों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी हुआ।

अपने संबोधन में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ पर्यावरणीय दायित्वों के निर्वहन के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, वृक्षारोपण, जल बचत और पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया गया।

निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र ने कहा कि सतत विकास तभी सार्थक होगा, जब औद्योगिक प्रगति के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व दिया जाए। उन्होंने एसईसीएल की जिम्मेदार एवं सतत खनन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में डीएवी विद्यालय के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित स्वागत गीत एवं प्रस्तुति दी। वहीं कुसमुंडा और हसदेव क्षेत्र की टीमों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।

महाप्रबंधक (पर्यावरण) बी. राणा प्रताप ने स्वागत भाषण देते हुए विश्व पर्यावरण दिवस की थीम और एसईसीएल की पर्यावरणीय उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर आयोजित निबंध, चित्रकला, तत्क्षण भाषण प्रतियोगिता और कवि सम्मेलन के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post