‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मारपीट मामले के 3 फरार आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी जब्त

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मारपीट के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्टील का कड़ा भी बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने मारपीट के एक मामले में फरार तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

जानकारी के मुताबिक, बैकुण्ठपुर महावीर चौक निवासी वैभव ठाकुर (23 वर्ष) ने 28 मार्च 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 27 मार्च को श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान गैलेक्सी मॉल के पास विवाद हो रहा था, जहां उसने बीच-बचाव किया था।

रिपोर्ट के अनुसार, देर रात दशरथ पान ठेला के पास खड़े वैभव ठाकुर के साथ शुभम भाठिया, विश्वास बैरागी, राकेश उर्फ गोलू महंत और सुनील दास महंत ने विवाद किया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। इस दौरान शुभम भाठिया ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की, जिससे प्रार्थी को चोटें आईं।

मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 167/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने अभियान के तहत पहले 4 जून 2026 को आरोपी विश्वास बैरागी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और विवेचना के आधार पर फरार आरोपी सतवेंदर सिंह उर्फ शुभम भाठिया (28 वर्ष), राकेश उर्फ गोलू महंत (25 वर्ष) और सुनील दास महंत (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी शुभम भाठिया की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्टील का कड़ा भी बरामद कर जब्त किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post