Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। न्यायधानी बिलासपुर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील व्यावसायिक इलाकों में से एक रेलवे स्टेशन गेट क्रमांक-1 के समीप देर रात अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते एक साइकिल दुकान से उठी लपटों ने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात रेलवे स्टेशन गेट नंबर-1 के पास स्थित एक साइकिल दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आग की ऊंची-ऊंची लपटें आसमान तक नजर आने लगीं। देखते ही देखते आसपास की इलेक्ट्रॉनिक और अन्य व्यावसायिक दुकानों तक आग फैल गई। बताया जा रहा है कि तीन से चार दुकानें इसकी चपेट में आ गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की चार से पांच गाड़ियों को मौके पर लगाया गया, जो लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन गेट नंबर-1 के आसपास के मार्गों पर आवागमन अस्थायी रूप से रोक दिया गया और पूरे क्षेत्र को पुलिस ने सुरक्षा घेरे में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार और आग की चमक दिखाई दे रही थी। घटना के बाद आसपास के व्यापारियों में भय का माहौल बन गया। कई दुकानदार देर रात मौके पर पहुंचे और अपनी दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले एक साइकिल दुकान में लगी, जिसके बाद उसने बगल की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकड़ा प्रशासनिक सर्वे और आग पूरी तरह बुझने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस और दमकल विभाग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही कारणों की जांच और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा।
स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








.jpeg)

