यातायात पुलिस का ऑटो चालकों पर शिकंजा, एक महीने में 1177 और एक दिन में 100 से अधिक पर कार्रवाई

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा ऑटो चालकों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार पिछले एक दिन में 100 से अधिक तथा बीते एक माह में 1177 ऑटो चालकों पर कार्रवाई की गई है।


पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में ऑटो चालकों और उनके संगठनों के साथ लगातार बैठकें आयोजित कर यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया जा रहा है।

यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों को अनिवार्य रूप से यूनिफॉर्म पहनकर वाहन संचालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि उनकी पहचान स्पष्ट रूप से सुनिश्चित हो सके। इसके लिए ऑटो यूनिफॉर्म लागू करने हेतु सात दिन का समय भी दिया गया था, लेकिन कई चालक अब भी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिन पर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि यूनिफॉर्म व्यवस्था से यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और किसी विवाद, घटना या असामाजिक गतिविधि की स्थिति में ऑटो चालक की पहचान करना आसान होगा। साथ ही यात्रियों का विश्वास भी मजबूत होगा।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने वाले ऑटो चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे जाएंगे। इसके अलावा अन्य यातायात उल्लंघनों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

आईटीएमएस और नेक्स्ट जेन एम-परिवहन जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से भी नियम तोड़ने वाले ऑटो चालकों पर नजर रखी जा रही है। यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखें।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post