यार्ड से ट्रक के टायर चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, हिरी पुलिस ने 100% माल किया बरामद

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। हिरी पुलिस ने ट्रक यार्ड से टायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए टायरों को 100 प्रतिशत बरामद कर लिया है तथा आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी दीपक सिंह मरकाम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम झल्फा स्थित विश्वकर्मा गैरेज में खड़ी ट्रक क्रमांक CG 04 PII 0757 से 9.20 साइज के चार टायर डिस्क सहित चोरी कर लिए गए थे। चोरी गए टायरों की कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई थी। घटना 9 जून 2026 की रात से 10 जून 2026 की सुबह के बीच की है।

शिकायत के आधार पर थाना हिरी में धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान 16 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भोजपुरी टोल प्लाजा के पास कुछ युवक चोरी के टायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेहियों को हिरासत में लिया और पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ऋषि धीवर (27 वर्ष), निवासी सेमरताल थाना कोनी, संदीप कश्यप (32 वर्ष) एवं शेखर चंद्राकर (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गढ़वट थाना रतनपुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post