यातायात पुलिस की कार्यशाला में 1000 से अधिक NCC और स्काउट गाइड कैडेट हुए जागरूक, बने सड़क सुरक्षा के ब्रांड एंबेसडर

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा एनसीसी एवं स्काउट गाइड कैडेटों के लिए विशेष यातायात प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। गुरु घासीदास विद्यालय के रजत जयंती सभा कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में 1000 से अधिक कैडेटों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और सुरक्षित वाहन संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई।


पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यशाला में युवाओं को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक प्रभावित वर्ग युवा होता है, इसलिए युवाओं में यातायात नियमों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान आईटीएमएस, नेक्स्ट जेन एम-परिवहन प्रणाली, पीओएस मशीन और बॉडी वॉर्न कैमरा जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से की जाने वाली यातायात कार्रवाई की भी जानकारी दी गई। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने और सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए खतरनाक स्टंट, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, मोबाइल का उपयोग करते हुए ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर, अवैध नंबर प्लेट और अमानक हेडलाइट के उपयोग जैसी प्रवृत्तियों के दुष्परिणामों पर भी विस्तार से चर्चा की।

कार्यशाला के अंत में 1000 से अधिक एनसीसी एवं स्काउट गाइड कैडेटों को यातायात पुलिस बिलासपुर का “ब्रांड एंबेसडर” बनाया गया, ताकि वे अपने परिवार, मित्रों और समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचा सकें।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, कर्नल लोकेश देवा, कैप्टन आशीष शर्मा, सूबेदार मेजर देवेश सहित एनसीसी अधिकारी, आर्मी स्टाफ और बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post