Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026, रविवार को बिलासपुर में भव्य “योग महोत्सव-2026” का आयोजन किया जाएगा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम राजकिशोर नगर स्थित शिव-अनुराग भवन, स्मृति-वन के पास संपन्न होगा। सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक चलने वाले इस आयोजन में योग, मेडिटेशन और सकारात्मक जीवनशैली से जुड़े विशेष सत्रों का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार योग महोत्सव का उद्देश्य केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को मानसिक शांति, आत्मबल, तनावमुक्त जीवन और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना भी है। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रखा गया है — “जीवन खुशियों से भरे... आओ बिलासपुर योग करें...”
महोत्सव में पूरे दिन 12 विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रतिभागियों को सरल राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया जाएगा और जीवन प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इन सत्रों में स्थायी खुशी, मानसिक शांति, तनाव एवं क्रोध से मुक्ति, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, विद्यार्थियों के लिए एकाग्रता योग, रिश्तों में सामंजस्य, आत्मसम्मान, व्यक्तित्व विकास तथा कार्यक्षेत्र में सफलता जैसे विषय शामिल रहेंगे।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान हर घंटे केवल एक मिनट का मेडिटेशन भी कराया जाएगा, जिससे लोग अपने व्यस्त जीवन में भी मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कर सकें। कार्यक्रम की संचालिका ब्रह्माकुमारी मंजु दीदी ने बताया कि राजयोग मेडिटेशन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे घर, कार्यालय, यात्रा या दैनिक कार्यों के दौरान भी कुछ मिनट निकालकर आसानी से किया जा सकता है।
जनसहभागिता बढ़ाने के लिए संस्था द्वारा डिजिटल सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। प्रतिभागियों की सुविधा हेतु व्यक्तिगत एवं संस्थागत पंजीयन, कार्यक्रम स्थल लोकेशन तथा यूट्यूब लाइव प्रसारण के लिए QR कोड जारी किए गए हैं, ताकि देश-विदेश में रहने वाले लोग भी इस आयोजन से जुड़ सकें।
योग महोत्सव के अगले दिन 22 जून 2026 से टिकरापारा और राजकिशोर नगर सेवाकेंद्र में नि:शुल्क राजयोग मेडिटेशन बेसिक कोर्स भी शुरू किया जाएगा। संस्था ने बिलासपुर और आसपास के नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं एवं योग प्रेमियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

