Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘एसईसीएल नारी राग-रंग महोत्सव 2026’ का शुक्रवार को एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में उत्साहपूर्ण समापन हुआ। समापन समारोह में महिलाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास की शानदार झलक देखने को मिली।
समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन रहे। इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास सहित श्रद्धा महिला मंडल की पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्याएं, कर्मचारीगण और उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
महोत्सव के दूसरे दिन समूह गायन, समूह नृत्य, स्टैंड-अप कॉमेडी, मिमिक्री और नाटक/स्किट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक और प्रभावशाली प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण और गरिमा प्रदान की।
अपने संबोधन में हरीश दुहन ने कहा कि “नारी राग-रंग महोत्सव महिलाओं की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने की एक सार्थक पहल है। प्रतिभागियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने साबित किया है कि यह आयोजन अपने उद्देश्य में सफल रहा है।” उन्होंने भविष्य में भी महिलाओं की प्रतिभा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।
समापन समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले निर्णायकों का भी सम्मान किया गया। दो दिवसीय इस महोत्सव ने महिलाओं को अपनी कला, अभिव्यक्ति और सृजनात्मकता प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच प्रदान किया।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

