ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रेलवे पार्ट्स सहित 14.25 लाख का चोरी का कबाड़ जप्त, 7 पर कार्रवाई

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत बिल्हा पुलिस और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चोरी का कबाड़ सामान जप्त किया है। कार्रवाई के दौरान रेलवे लाइन के लोहे के पार्ट्स सहित 83 क्विंटल 15 किलोग्राम कबाड़ एवं दो वाहनों को जप्त किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 14 लाख 25 हजार 500 रुपये बताई गई है। मामले में 7 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि बिल्हा निवासी इमरान कुरैशी भारी मात्रा में संदिग्ध कबाड़ वाहन में लोड कर रहा है।

सूचना पर बिल्हा पुलिस और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने इमरान कुरैशी की कबाड़ दुकान में रेड कार्रवाई की। मौके पर इमरान अन्य लोगों के साथ कबाड़ वाहन में लोड करते मिला। तलाशी के दौरान दुकान एवं वाहनों से रेलवे लाइन में उपयोग होने वाले लोहे के लाइनर, चाबी, एंगल, प्लेट, सरिया, लोहे के पाइप, कांटेदार तार एवं अन्य घरेलू लोहे का सामान बरामद किया गया।

पुलिस ने छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG10BP3903 और पिकअप वाहन क्रमांक CG10BZ1208 में लोड कबाड़ की जांच की, लेकिन आरोपियों द्वारा सामान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद कुल 83 क्विंटल 15 किलोग्राम कबाड़ एवं दोनों वाहनों को जप्त किया गया।

मामले में इमरान कुरैशी, मनीष सागर, राज साहू, चंदन सवरा, बिरजू मरावी, रामअवतार सवरा एवं गोलू चौरसिया के खिलाफ धारा 35(1)(ड) बीएनएसएस, 303(2) बीएनएस एवं रेलवे संपत्ति अधिनियम की धारा 3 के तहत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, पीएसआई करण राज बघेल, आकाश बंजारे, प्रीति पैकरा, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की अहम भूमिका रही।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post