Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर में दूषित और बदबूदार पेयजल आपूर्ति को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने नगर निगम मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और पूर्व विधायक शैलेश पांडेय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंचे और गंदे पानी की समस्या को लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ दूषित पानी से भरी बोतलें लेकर पहुंचे और निगम प्रशासन पर शहरवासियों की सेहत से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि शहर के कई वार्डों में लंबे समय से गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है, जिससे आम नागरिकों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम परिसर में मटकी फोड़कर अपना आक्रोश जताया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शहरवासियों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो पार्टी जनहित में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम मुख्यालय में पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

