Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 52 लिंगियाडीह में बस्ती बचाने की मांग को लेकर चल रहा जनआंदोलन 209वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारी नागरिकों का कहना है कि वर्षों से बसे गरीब एवं श्रमिक परिवारों के सामने बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है, जिसके विरोध में क्षेत्रवासी लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
आंदोलन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल होकर अपने आवास, आजीविका और मूलभूत अधिकारों की रक्षा की मांग उठा रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर गरीब परिवारों को उजाड़ना न्यायसंगत नहीं है।
आंदोलनकारियों के अनुसार क्षेत्र की पुरानी बस्तियों को हटाने की आशंका के चलते लोगों में चिंता और आक्रोश है। उनका कहना है कि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, आवासीय अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट नीति बनाई जानी चाहिए।
वार्ड क्रमांक 52 के पार्षद दिलीप पाटिल ने भी आंदोलनकारियों का समर्थन करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं और मांगों को लेकर कई बार नगर निगम प्रशासन एवं शासन को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि लगातार आवेदन और मांग पत्र दिए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। इससे क्षेत्रवासियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है और आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल रहा है।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक बस्तीवासियों के अधिकारों की सुरक्षा, पुनर्वास और भविष्य को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने शासन और प्रशासन से संवाद स्थापित कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

