Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित एसईसीएल योग महोत्सव 2026 के अंतर्गत एसईसीएल मुख्यालय में “योगा चिट चैलेंज” का आयोजन उत्साह और ऊर्जा के साथ किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योग के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
“स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आधारित इस विशेष गतिविधि में प्रतिभागियों ने योगा चिट बॉक्स से पर्चियां निकालकर उन पर लिखे योगासन, प्राणायाम एवं विभिन्न योग चुनौतियों का सफल प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को योग के प्रति प्रेरित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के योग प्रशिक्षक प्रितपाल सिंह गुंबर ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की विधियों का अभ्यास कराया और नियमित योगाभ्यास से मिलने वाले शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने योग को संतुलित और स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण, स्वास्थ्य जागरूकता और टीम भावना को भी बढ़ावा दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। एसईसीएल योग महोत्सव 2026 के तहत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक विभिन्न योग आधारित गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा, जिनके माध्यम से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के बीच योग के महत्व का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

